योग से करें दिन की शुरुआत, रहेंगे बिमारियों से दूर

योग को हमारे इतिहास में एक कला माना गया है, जिसका अभ्यास धीरे-धीरे करना होता है। इस कला में कोई भी एक दिन में निपुण नहीं हो सकता।
 
 | 
yoga poses

योग के हमारे जीवन में कितने फायदे हैं इससे शायद ही कोई अंजान हो। यह हमारी इम्यूनिटी बढ़ाता है और साथ ही साथ हमारे दिमाग को शांत रखने में हमारी मदद करता है। योग को हमारे इतिहास में एक कला माना गया है, जिसका अभ्यास धीरे-धीरे करना होता है। इस कला में कोई भी एक दिन में निपुण नहीं हो सकता। अभ्यास करते हुए ही यह आपकी आदत में शामिल होगा। आइए जानते हैं कुछ छोटे-छोटे योग अभ्यास जिसे नियमित करने से आपके पेट की मांसपेशियां मजबूत बनी रहेंगी और आपका मानसिक तनाव दूर रहेगा।

पद्मासन

पद्मासन में पहला शब्द पद्म है, जिसका अर्थ कमल होता है जबकि दूसरा शब्द आसन है, जिसका अर्थ बैठना होता है। पद्मासन में आपको ऐसी स्थिति में बैठना है जिसे कमल का आकार बने। अगर आप कभी अशांत और बेचैन महसूस कर रहे हों तो पद्मासन का अभ्यास करें।

मार्जरी आसन

मार्जरी आसन को अंग्रेजी में कैट पोज के नाम से भी जाना जाता है। इस आसन को करने से रीढ़ की हड्डी और पीठ की मांसपेशियों का लचीलापन बना रहता है। मार्जरी आसन एक आगे की ओर झुकने और पीछे मुड़ने वाला योग आसन है। इसके साथ यह पीठ दर्द और गर्दन दर्द में राहत दिलाता है।

कौवा चालन

इसे करने के लिए नीचे उकड़ू की स्थिति में बैठ जाएं। इसके बाद अपने दोनों हाथों को अपने घुटनों पर रख लें। सामान्य श्वास लेते हुए योगा मैट के चारों ओर चलें। यह आसन पैरों की मांसपेशियों को फैलाता है। साथ ही यह शारीरिक शक्ति को बढ़ाता है। इस आसन को करने से आपका पाचन तंत्र भी मजबूत होता है।

पर्वतासन

इस आसन को करने के लिए सबसे पहले बैठ जाएं। अपनी रीढ़ को सीधा रखें और अपने दोनों हाथों की उंगलियों को एक-दूसरे के साथ इंटरलॉक कर लें। अब अपनी हथेलियों को पलट लें और इन्‍हें अपने सिर की सीध में रखे रहें। इसके बाद अपने हाथों को ऊपर की तरफ ले जाएं। इसके बाद गहरी सांस लेते हुए कंधे, बाजू और पीठ की मांसपेशियों में एक साथ खिंचाव महसूस करें।