उल्हासनगर में ईमारत गिरने से 7 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित उल्हासनगर में शुक्रवार रात को ईमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में अभी तक एक व्यक्ति को ज़ख्मी बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक़ घटना शुक्रवार की रात 9 बजे के करीब हुई है। उल्हासनगर में नेहरू चौक पर साई शक्ति बिल्डिंग का बीच का हिस्सा धराशायी हो गया, जिसके बाद चारों तरफ अफरा - तफरी का माहौल हो गया।
स्थानीय लोगों के अलावा फायर ब्रिगेड के जवान, पुलिस फोर्स समेत मनपा और टीडीआरएफ टीम मदद करने के लिए मौके पर पहुंची और लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया गया। इस घटना में अब तक 7 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि एक शख्स ज़ख्मी बताया जा रहा है। कुछ लोगों के अभी भी इमारत में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ईमारत में अभी 3-4 लोग और फंसे हो सकते हैं। वहीं ठाणे नगर निगम का बचाव अभियान जारी है। ठाणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अधिकारी फायर ब्रिगेड टीम के साथ घटनास्थल पर है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने में लगे हुए हैं। इस इमारत में कुल 29 फ्लैट्स हैं। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक इस बिल्डिंग में 26 परिवार रहते थे।