मिजोरम में अंडर कंस्ट्रक्शन रेलवे पुल गिरा, 17 मजदूरों की हुई मौत, 

 | 
bridge

मुंबई, 23 अगस्त, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से 17 मजदूरों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी PTI ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि राजधानी आइजॉल से 20 किलोमीटर दूर सायरांग में सुबह 10 बजे यह हादसा हुआ। घटना के दौरान 35 से 40 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। यह पुल बैराबी को सायरांग से जोड़ने वाली कुरूंग नदी पर बन रहा था।

नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के CPRO सब्यसाची ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, रेलवे की ओर से रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर भेजी गई है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी तक 17 मजदूरों के शव मिले है। पुल में कुल 4 पिलर हैं। जिसमे से तीसरे और चौथे पिलर के बीच का गर्डर टूटकर गिर गया है। सभी मजदूर इसी गर्डर पर काम कर रहे थे। जमीन से पुल की ऊंचाई 104 मीटर यानी 341 फीट है। यानी पुल की ऊंचाई कुतुब मिनार से भी ज्यादा है।

तो वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से पीड़ित परिजनों को 2 लाख और रेलवे ने 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इसके अलावा PMO की ओर से घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं, रेलवे ने गंभीर घायलों को 2 लाख रुपए और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही मिजोरम के CM जोराम थांगा ने हादसे की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।

उन्होंने लिखा- प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। जिन लोगों ने हादसे के दौरान लोगों की मदद की, उनका भी धन्यवाद। वहीं, पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने भी घटना पर दुख जताया है। ममता ने कहा- प्रोजेक्ट में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के भी कुछ मजदूर काम कर रहे थे। बंगाल के मुख्य सचिव को मिजोरम सरकार से संपर्क कर जानकारी लेने को कहा है। मालदा प्रशासन को पीड़ित परिवार के लोगों को हर संभव मदद का निर्देश दिया है।