उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर कम, तो वहीं महामारी घोषित हुआ ब्लैक फंगस
 

यूपी में संक्रमित से ज़्यादा मरीजों को मिली छुट्टी

 | 
black fungus

यूपी में कोरोना की रफ्तार अब धीरे-धीरे कम हो रही है| बीते 24 घंटे में यूपी में कोरोना संकमण के 7,735 नए मामले सामने आए हैं| बता दें कि यह संख्या 24 अप्रैल को आए कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक मामलों की संख्या से 30,320 कम है|  हालांकि, कोरोना के कारण हो रही मौतें अभी भी चिंता का विषय है| उधर, कोरोना महामारी के दौरान ब्लैक फंगस ने चिंताएं और बढ़ा दी है| यही वजह है कि कई राज्यों ने ब्लैक फंगस को महामारी घोषित कर दिया है| यूपी ने भी इसे महामारी घोषित किया है| ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करने वाला यूपी आठवां राज्य है| इससे पहले गुजरात, तेलंगाना, राजस्थान, असम, ओडिशा, पंजाब और चंडीगढ़ इसे महामारी घोषित कर चुके हैं|  

बीते 24 घंटे में संक्रमित मरीजों की संख्या से ज़्यादा मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई| बीते 24 घंटों में 17,668 कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई| प्रदेश में अब कोरोना के कुल एक्टिव मामलों की संख्या 1,03,276 रह गई है| इस प्रकार प्रदेश में 30 अप्रैल, 2021 को दर्ज किए गए कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक एक्टिव मामलों 3,10,783 में 68 प्रतिशत की कमी आयी है| 

राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर में लगातार वृद्धि हो रही है। यूपी में रिकवरी दर बढ़कर 92.5 प्रतिशत हो गई है| बीते 24 घंटों में राज्य में 2,89,210 टेस्ट किए गए हैं। प्रदेश में अब तक 4 करोड़ 61 लाख 12 हजार 448 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं| 

बता दें, कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से महामारी रोग अधिनियम, 1897 के तहत ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करने का आग्रह कर चुका है| इसमें कहा गया है कि केंद्र ने महामारी रोग अधिनियम, 1897 के तहत ब्लैक फंगस को नोटिफाइड डिज़ीज़ श्रेणी में डाला जाए| ये कोरोना मरीजों की मौत का कारण बन रहा है|