राजधानी में भी दिखा चक्रवात ताउते का असर, सुबह से हो रही है रिमझिम बारिश

अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान ताउते का असर दिल्ली NCR में भी देखने मिल रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार राजधानी दिल्ली में सुबह से बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। बुधवार को हुई बारिश के कारण दिल्ली और उसके आस पास के इलाकों में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में दिन भर बारिश की बौछार हो सकती है।
बता दें कि मौसम विभाग ने मंगलवार को अनुमान व्यक्त करते हुए कहा था दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में ताउते चक्रवात के कारण तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि मौसम सुहाना होने के कारण दिल्ली वासियों को गर्मी से जरूर राहत मिली है। इधर चक्रवात ताउते के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश और तापमान में गिरावट देखी जा रही है।
महाराष्ट्र में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। गुजरात में तूफान के कारण भारी नुकसान हुआ है। वहीं, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी बुधवार को बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। IMD ने कहा कि ताउते अब कमजोर होकर “चक्रवाती तूफान” में तब्दील हो गया है और जैसे-जैसे उत्तर की तरफ बढ़ेगा यह “गहरे दबाव” में बदल जाएगा।