चक्रवाती तूफान यास से हुआ भारी नुकसान, 20 लाख लोग  शिफ्ट 

चक्रवाती तूफान यास ने बंगाल और ओड़िशा में भारी तबाही मचाई है
 | 
यास तूफान

चक्रवाती तूफान यास के बुधवार को ओडिशा और बंगाल में 130- 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ समुद्र तटों से टकराने के बाद दोपहर को भीषण चक्रवाती तूफान यास कमजोर पड़ गया। इस दौरान वहां ज़ोरदार बारिश हुई। तूफान के कारण इन दो पूर्वी राज्यों में निचले इलाकों में पानी भर गया। जिले के धामरा और बासुदेव के कई गांवों में समुद्री पानी घुस गया। चक्रवाती तूफान यास का सर्वाधिक असर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना के अलावा पूर्वी मेदिनीपुर जिले में हुआ है कोरोना कहर के बीच दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप  में एक अस्पताल में पानी भर गया, जिसके कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि चक्रवात से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है और राज्य में करीब 3 लाख घरों को नुकसान पहुंचा है। 15 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। करीबन एक करोड़ लोग इस तूफान से प्रभावित हुए हैं। बंगाल इस चक्रवात से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।

वहीं ओड़िशा सरकार ने 5.8 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा है। बालासोर जिले में एक व्यक्ति की पेड़ गिरने से मौत हो गई है। उड़ीसा के भी कई गांवों में पानी घुस गया है। एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है। उड़ीसा के विशेष राहत आयुक्त पीके जेना ने  मयूरभंज जिले के सिमलीपाल राष्ट्रीय उद्यान में भारी बारिश के कारण बुधबलग नदी में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है।