दिल्ली CM ने की केंद्र सरकार की खिंचाई
केंद्र ने वैक्सीन का जिम्मा राज्यों पर छोड़ा - केजरीवाल
May 26, 2021, 16:55 IST
| 
राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को वैक्सीन की कमी पर केंद्र सरकार पर ज़ोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में युवाओं के लिए वैक्सीन खत्म हो गई है। उनके वैक्सीन सेंटर पिछले 4 दिनों से बंद हैं। बुजुर्गों के लिए कोवैक्सिन भी खत्म हो गई है। हमने केंद्र सरकार को लिखा है, लेकिन अब तक वैक्सीन आई नहीं है।
देश इस वक्त युद्ध लड़ रहा है। इसमें किसी राज्य को यह नहीं कहा जा सकता कि वे अपना-अपना देख लें। अगर पाकिस्तान हम पर युद्ध कर दे, तो ये नहीं कह सकते कि यूपी अपने टैंक खरीद ले। दिल्ली अपने हथियार खरीद ले। हम किसी भी कीमत पर यह युद्ध नहीं हार सकते। अगर केंद्र सरकार हारती है तो इंडिया हारेगा। अगर दिल्ली सरकार हारी तो भारत हारेगा।
केजरीवाल ने कहा कि महामारी के दौर में देशभर में कई टीका केंद्र बंद हो गए हैं। देश में वैक्सीन की जबर्दस्त किल्लत है। अगर देश के लोगों को सही समय पर वैक्सीन लगा दी जाती तो शायद दूसरी वेव के प्रकोप को काफी कम किया जा सकता था।
वैक्सीन की कमी से दिक्कत हो रही है। देश वैक्सीन क्यों नहीं खरीद रहा है। जब सभी को वैक्सीन लग जानी थी, उसी समय सभी राज्यों से कह दिया गया कि अपना-अपना देख लो। अब तक कोई भी राज्य एक टीका नहीं खरीद पाया है। वैक्सीन कंपनियों ने साफ कह दिया है कि वे राज्यों को वैक्सीन नहीं देंगी। सभी ने अलग-अलग टेंडर निकाले हैं, लेकिन एक भी टीका नहीं आ पाया है।