उत्तराखंड में गंगोत्री धाम के कपाट खुले
![उत्तराखंड में गंगोत्री धाम के कपाट खुले](https://hindi.newslati.com/static/c1e/client/84185/uploaded/fa866b8a2ec794d9b3830cdb004af4f8.jpg)
आज विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट विधि-विधान और पूजा-अर्चना के लिए खोल दिए गए। मां गंगा की डोली आज सुबह भैरव घाट से गंगोत्री के लिए रवाना हुई। ठीक सुबह 7:30 पर विशेष मंत्र उच्चारण के साथ गंगोत्री के पंडा पुरोहितों ने सीमित संख्या में पहुंचकर गंगोत्री मंदिर के कपाट खोल दिए। गंगोत्री धाम के कपाट खुलते ही मां गंगा का परिसर जयकारों से गूंज उठा। ख़ास बात यह रही कि गंगोत्री के पंडा पंडितों ने पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के नाम से शुरू की। देश और दुनिया को कोरोनावायरस से निजात दिलाने के लिए विशेष पाठ का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि साल 2020 की तरह इस साल भी गंगोत्री धाम के कपाट बड़ी सादगी से खोले गए हैं। कोरोनावायरस के चलते मंदिर परिसर में पुरोहित और प्रशासन के कुछ लोगों ही थे। मंदिर के कपाट विधि विधान के साथ खोल तो दिए गए हैं लेकिन हर साल की तरह गंगोत्री धाम में ना तो आर्मी के बैंड दिखे और ना ही भक्तों का उत्साह। धाम के व्यापारियों और पंडितों को उम्मीद है कि जल्द ही कोरोनावायरस के खात्मे के साथ चार-धाम यात्रा शुरू हो पाएगी।