ओडिशा के तटीय इलाकों से टकराया तूफान यास, लैंडफॉल के बाद तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार यास गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है और यह ओडिशा तटीय इलाकों से टकरा गया है। चक्रवाती तूफान यास का असर उड़ीसा और पश्चिम बंगाल समेत आठ राज्यों पर दिखने लगा है। कई इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो रही है।
चक्रवाती तूफान यास का सबसे ज़्यादा असर उड़ीसा और पश्चिम बंगाल में होगा। उड़ीसा के पुरी, जगतसिंहपुर, खुर्दा, कटक, भद्रक, बालासोर, गंजम और मयूरभंज में तूफान ज़्यादा ख़तरनाक हो सकता है। वहीं पश्चिम बंगाल, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में तूफान से भारी नुक़सान हो सकता है। इसके अलावा पूरे पूर्वी भारत को अलर्ट पर रखा गया है।
पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, ओड़िशा के अलावा झारखंड और बिहार में भी इसका असर दिखेगा। वहीं दक्षिण भारत और आंध्र प्रदेश में तूफान से सबसे ज़्यादा नुक़सान हो सकता है, जबकि अंडमान निकोबार में तूफान का कहर मचना तय है। इन इलाकों में ना सिर्फ 185 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी, बल्कि तेज़ बारिश होने की आशंका है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अलावा झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में बारिश हो रही है।
तूफान की आशंका के मद्देनजर कोलकाता से चेन्नई जाने वाले रास्ते को आज दोपहर 12:00 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है इसके अलावा पश्चिम बंगाल के कोलकाता और ओडिशा के भुवनेश्वर एयरपोर्ट को भी बंद कर दिया गया है।