ताउते का असर : 38 लोग अब भी लापता, जारी है सर्च अभियान

मुंबई से 35 समुद्री मील दूरी पर डूबे जहाज़ पर मौजूद लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। जहाज़ में डूबने वाले 38 लोग ONGC के कर्मचारी हैं, जो अभी भी लापता है।
 
 | 
indian navy rescue mission

अरब सागर में चार दिन पहले उठे चक्रवाती तूफान ताउते का असर अब भी देखने मिल रहा है। मुंबई से 35 समुद्री मील दूरी पर डूबे जहाज़ पर मौजूद लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। जहाज़ में डूबने वाले 38 लोग ONGC के कर्मचारी हैं, जो अभी भी लापता है। उन्हें ढूंढ़ने के लिए नौसेना तलाश अभियान चला रही है। सेना ने अभी तक जहाज के 186 कर्मचारियों को बचा लिया है, जबकि 38 अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

लापता लोगों की तलाश में नौसेना बड़े पैमाने पर, चौबीसों घंटे बचाव प्रयास का नेतृत्व कर रही है, जिसमें सेना के कई जहाज, पी-81 टोही विमान और सी किंग हेलीकॉप्टर, साथ ही तटरक्षक और ONGC के जहाज़ शामिल हैं, ताकि डूबे हुए बजरे और अन्य जहाजों से बचे लोगों का पता लगाया जा सके। बता दें कि बजरा पी305 चक्रवाती तूफान ‘ताउते' के कारण मुंबई के तट से कुछ दूरी पर सागर में फंस गया था और फिर डूब गया था।

पी-305 पर मौजूद लोगों में से अब तक 37 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। बेहद खराब मौसम से जूझते हुए नौसेना के जवानों ने बजरे पी-305 पर मौजूद 261 लोगों में से अब तक 186 लोगों को बचा लिया है, जिसमें दो लोगों को 'टगबोट' वारप्रदा से बचाया गया है। नौसेना ने बृहस्पतिवार को भी हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं और हवाई मार्ग से तलाश एवं बचाव अभियान चला रही है।