तौकते तूफान के कहर से बची मुंबई

मौसम विभाग ने तौकते का ख़तरा मुंबई में कम होने का अनुमान लगाया था। लेकिन एहतियात के रूप में मुंबई ठाणे पालघर में क्षेत्रीय मौसम विभाग ने जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। वहीं रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया गया था। इतना ही नहीं सोमवार को तौकते मुंबई के समुद्र तट से 270 किलोमीटर की दूरी से गुजरने का भी अनुमान भारतीय मौसम विभाग ने लगाया था, लेकिन यह अनुमान सुबह उस समय गलत साबित हों गया। जब तौकते मुंबई समुद्री तट के करीब पहुंचने लगा। गोवा, रत्नागिरी से गुजरने के बाद तौकते चक्रवात की तीव्रता और बढ़ गई। मौसम का आकलन करने वाली निजी संस्था के प्रमुख वैज्ञानिक महेश पाल रावत ने बताया कि सवेरे 11:00 बजे के आस-पास तौकते मुंबई समुद्र के करीब से गुजरा। 270 किलोमीटर के बजाय तौकते क़रीब 100 से 120 किलोमीटर की दूरी से गुज़रा। उस समय हवा की रफ्तार 114 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इस तरह की हवा की गति इसके पहले कभी मुंबई में नहीं देखी गई, अगर तौकते समुद्री तट से और क़रीब होता तो नुक़सान अधिक होने की आशंका थी।
मुंबई में भारी बारिश से जलजमाव, पेड़ गिरने, दीवार ढहने आदि मामूली घटनाओं के अलावा कोई भारी नुकसान नहीं हुआ है। मुंबई के अलावा ठाणे, उरन, पनवेल, मानेगांव, मुरुड, खालापुर और अलीबाग में तौकतै का कहर दिखाई दिया। कल शाम 7:00 बजे तक तूफान के कारण 6 लोगों के मरने की जानकारी मिली है, वहीं 9 लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार 12,500 लोगों को पहले से ही सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया था।