एलोपैथी के ख़िलाफ़ बोलकर फंसे रामदेव
IMA द्वारा विरोध शुरु
May 27, 2021, 16:58 IST
| 
योगगुरू रामदेव के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का विरोध तेज होता जा रहा है। IMA ने गुरुवार को दिल्ली के आईपी एस्टेट पुलिस स्टेशन में योगगुरु के ख़िलाफ़ शिकायत दी है।
इसमें रामदेव पर महामारी एक्ट, आपदा एक्ट और राजद्रोह समेत दूसरी धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई है। इस शिकायत की वजह रामदेव का वह बयान है जिसमें उन्होंने एलोपैथी को बकवास और दिवालिया साइंस कहा था। इसे लेकर IMA उनसे नाराज़ है।
IMA ने अपनी शिकायत में कहा है कि रामदेव और उनके साथियों की मंशा ग़लत थी। उनका बयान देशहित के ख़िलाफ़ था। इससे गरीब जनता को जो नुक़सान हुआ है उसकी भरपाई नहीं हो सकती। इसलिए उनके ख़िलाफ़ केस दर्ज किया जाना चाहिए।
IMA ने रामदेव के ख़िलाफ़ ऐसी ही शिकायत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस थाने में भी दी है।
IMA के जिला अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, सचिव डॉ. आशा जैन और डॉ. अनिल जैन की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से रामदेव देश के डॉक्टर्स और इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च से अप्रूव्ड कोरोना की दवाओं के बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं।